इक वो भी दीवाली थी, इक ये भी दीवाली है
आज फिर दीवाली है। यूं तो मैं इसे इसके शुद्ध रूप दीपावली से संबोधित करना अधिक पसंद करता हूँ, लेकिन प्रचलित एक नाम दीवाली भी है। कई जगह आपको दिवाली या दिपावली लिखा भी मिल जाएगा, लेकिन मैं उन्हें उचित नहीं मानता। संस्कृत शब्दों दीप तथा अवली से मिल कर बना है दीपावली, जहाँ अवली का अर्थ है पंक्ति या कतार। अतः दीपों की पंक्ति को दीपावली कहते हैं। अब दीवाली शब्द की उत्पत्ति कैसे हुई? इसका उत्तर मैं भी ढूंढ रहा हूँ।
मान्यता है कि रावण-वध के बाद तथा चौदह वर्ष का वनवास पूर्ण करने के उपरांत श्रीराम इसी दिन अयोध्या वापस आए थे, और इसी ख़ुशी में नगरवासियों ने पूरे नगर में घी के दीपों से अमावस्या की रात को जगमगा दिया था। तभी से यह चलन आरंभ हुआ। लक्ष्मी-गणेश पूजन कब, कैसे और क्यूं इस पर्व से जुड़ गया, यह शोध का विषय हो सकता है। गूगल इस विषय में कोई फ़ौरी जानकारी नहीं उपलब्ध करा सका। यदि हम अमावस्या की रात के अंधकार को दीपों से दूर भगाने को लाक्षणिक रूप से लें तो अज्ञान के अंधकार को ज्ञान से दूर करने के लिए तो सरस्वती माँ की पूजा होनी चाहिए। वैसे पश्चिम बंगाल में दीपावली में मां काली की पूजा होती है। यदि घर में धन-वर्षा हो, समृद्धि आए, तो किसे अच्छा न लगेगा? अतः लक्ष्मी जी की पूजा ही सही। इसी प्रकार पटाखों का चलन कब और क्यों आरंभ हुआ यह भी स्पष्ट नहीं है। श्रीराम के समय तो बारूद का अविष्कार हुआ ही नहीं था (कुछ लोग कह सकते हैं कि उस समय के दिव्यास्त्रों और देवास्त्रों में बारूद का प्रयोग होता था, किंतु प्रमाण नहीं है)।
मुझे अपने बचपन की याद है। दीवाली का त्योहार पाँच दिन का होता है। हर दिन का कुछ अलग महत्व, कुछ अलग पूजा, कुछ अलग कहानी। शुरूआत करते हैं धन-तेरस से।
(1) धन-तेरस: इसे धनवंतरि-त्रयोदशी भी कहते हैं। इस दिन नए बर्तन खरीदते हैं। मान्यता है कि धातु के बर्तन ही लेने चाहिए। पूजा में चावल की खील (popped rice), लइया (मूड़ी या puffed rice), बताशा (अब इसका पर्याय मुझे नहीं पता) आदि चढ़ता था और साथ ही लक्ष्मी-गणेश की मिट्टी की नई मूर्ति की पूजा आवश्यक थी। पूजा देर शाम को होती थी। अगले दिन इसी बर्तन में कुछ मीठा या तो बनाया जाता था या खाया जाता था।
(2) नरक चौदस: इसे नरकासुर चतुर्दशी के नाम से भी जानते हैं, और छोटी दीवाली के नाम से भी। यह दिन घर से गंदगी दूर करने के लिए होता है। घर का कोना-कोना साफ़ किया जाता था। हम बच्चों में से जो रोज़ नहाने से बचते थे (कुछ बड़े भी), वह भी कम से कम इस दिन तो नहा ही लेते थे – प्रायः उबटन लगा के। उबटन लगाने से शरीर में एक प्रकार की कांति आ जाती थी, क्योंकि उबटन में तेल का प्रयोग भी होता था। दिन भर स्वच्छता अभियान और रात को नालियों के रास्ते में पुराने दीये, जिसमें तेल तथा कपड़ों की बाती जलाते थे। प्रयोजन यह कि दरिद्दर (दारिद्र्य) को घर से बाहर जाने का रास्ता आलोकित करें, जिससे लक्ष्मी घर में प्रवेश कर सकें, क्योंकि जहा दारिद्र्य है वहाँ लक्ष्मी का वास नहीं हो सकता।
बहुत बाद में, जब मेरी नियुक्ति दक्षिण भारत में हुई, पता चला कि वहाँ इस पर्व को ही मुख्य पर्व के रूप में मनाते है जिसमें श्रीकृष्ण के हाथों नरकासुर के वध को उल्लास के साथ मनाते हैं। एक फल जो कुछ कुछ पेठा-कद्दू जैसा होता है, उस असुर का सिर मान कर फ़ोड़ देते हैं और फिर शाम को पटाखों से सारा वातावरण शोर-गुल एवं धुएं से व्याप्त हो जाता है।
(3) दीपावली: दीपावली के दिन सुबह-सुबह दादी या मम्मी घर भर में सूप (चलनी और सूप वाला सूप) बजाती थीं – धप-धप-धप – और बोलती थीं – ‘भाग दरिद्दर भाग’, अर्थात् यदि रात में दरिद्दर को बाहर जाने का रास्ता नाली में नहीं दिखाई पड़ा तो वह इस आवाज़ के सुन कर भाग जाए। हम बच्चों में इस बात का कौतूहल अवश्य रहता था कि यह दरिद्दर है क्या चीज़ और वह भागता कैसे है? उसे भागते देखने की इच्छा तो मन में ही दबी रह जाती थी।
घर के बड़े लोग बाज़ार से चीनी के खिलौने (खाने वाले), बताशे, गट्टे (यह भी चीनी की ही एक प्रिपेरेशन होती है जो उत्तर भारत में तो आम मिल जाती है लेकिन अन्यत्र बड़ी मुश्किल से मिलती है), पटाखे, मिट्टी के अलग-अलग साइज़ के दीये, मिट्टी का ही एक घंटा, रूई, तेल, खील, लइया, मिट्टी के ही एक और नए लक्ष्मी-गणेश आदि ले आते थे। दीये पानी में भिगो देते थे, जिससे वह साफ़ भी हो जाते थे और तेल कम सोखते थे। महिलाएं तो सुबह से शाम तक भोजन के प्रबंध में ही लगी रहती थीं।
दादी हम बच्चों से एक काम करवाती थीं – दीयों के लिए बाती बनाना। हाथों में पहले तेल मल लेते थे और फिर रूई ले कर बाती के आकार में एक हथेली में रख कर दूसरी से रोल करते हुए मसलते थे। कभी कभी हथेली थोड़ी गीली भी करनी पड़ती थी लेकिन अधिक गीली हो जाने से बाती के खराब होने का ख़तरा बना रहता था। शाम को दीये पानी से निकाल कर उसमें बाती सजाना और तेल भरना स्वयं एक बड़ा आयोजन होता था। ग्यारह दीये घी के तथा अन्य सरसों के तेल के बनते थे।
पूजाघर में आटे से चौक पूरी जाती थी (यह अल्पना बनाने जैसा होता है), जिसमें मूर्तियों को रख कर पूजा होती थी। बच्चों को तो आरती के समय ही बुलाते थे। घी के दीये पूजा में तथा अन्य दीये घर भर में सज जाते थे, विशेष तौर पर घर के मुख्य द्वार पर – आख़िर लक्ष्मी जी तो मुख्य द्वार से ही आती हैं। दीपों की पंक्ति बहुत शोभती थी।
बच्चे नए कपड़े पहनते थे, सभी बड़ों के पैर छू कर आशीर्वाद स्वरूप कुछ धन की प्राप्ति करते थे। फिर पटाखे छुड़ाना, और मेले में जाना। मेले में तरह-तरह के खिलौने मिलते थे – मिट्टी के छोटे-छोटे बर्तन, चूल्हा, चक्की, थाली, गिलास, गुड्डा, गुड़िया, मटकने वाली गुड़िया जिसका सिर, ऊपरी धड़ तथा घाघरा अलग-अलग हिलते थे (यह आज भी मिलती है)। एक अन्य चीज़ जो मुझे पसंद थी वह थी मिट्टी की गुल्लक, जिसमें पैसे डालने के लिए छेद होता था।
दीवाली का भोजन पूरी, उड़द दाल की कचौड़ी, लाल कद्दू, सूरन (जिमीकंद या ओल) की चटनी या सब्ज़ी तथा आलू-गोभी की रसेदार सब्ज़ी होता था। दादी कहती थीं कि सूरन की चटनी खानी आवश्यक है जिसे न खाने वाला अगले जन्म में छछूंदर बनता है। सूरन की चटनी खाना इसके विकल्प से कहीं कम अरुचिकर होता था।
मिट्टी के घंटे के लिए एक दीया फोड़ कर उसके टुकड़े से एक लटकने वाला बनाते थे जिसे धागे से लटका देते थे। रात में तेल के एक दीये के ऊपर इस घंटे को रख तिया जाता था जिससे उसकी लौ की कालिमा घंटे में जमती रहती थी। अगले दिन इस कालिख का काजल बनता था जिसे लगाना भी छछूंदर बनने से बचने के लिए आवश्यक होता था।
(4) परिवा: परिवा (पड़वा) के दिन पिछले दिन की गंदगी साफ़ की जाती ती, जो पटाखों के चलते चारों ओर फैली रहती थी, और खाली दीयों को भी उठा लेते थे। दीवाली के दिन से पढ़ाई बंद हो जाती थी और यह हम बच्चों को बहुत भाता था। परिवा के दिन भी पढ़ना-लिखना निषिद्ध था। उन दिनों टीवी नहीं था अतः सब बच्चे दिन भर हुड़दंग करते रहते थे।
कुछ स्थानों पर परिवा या प्रतिपदा के दिन अन्नकूट की पूजा होती है। कुछ लोग गोवर्धन पूजा करते हैं।
(5) भाई-दूज: भाई दूज के दिन हमारे घर तीन आयोजन होते थे (आज भी होते हैं) – घर की स्त्रियाँ अलग पूजा करती हैं, जिसमें कांटों से अपनी जीभ को चोट पहुँचाती है और भाइयों की दीर्घायु की कामना करती हैं। पुरुष और बच्चे मिल कर कलम-दवात की पूजा करते हैं (यह पूजा सभी घरों में नहीं होती है किंतु कायस्थों में अनिवार्य है)। चावल के आटे, घी और चीनी से छोटे-छोटे कलम दवात बनाए जाते हैं। पूजा के लिए एक स्थान को साफ़ कर के चौक पूरते हैं और सभी लोग अपने लिए एक कोरे कागज़ पर रोली या चंदन से स्वास्तिक या फिर गणेश जी की आकृति बनाते हैं। मेरे बाबा अनिवार्य रूप से गणेश जी ही बनाते थे। फिर पहले से साफ़ किए हुए या नए कलम से कागज़ पर अपने सबसे सुंदर हस्तलेख में ॐ लिख कर फिर पाँच या सात देवी-देवताओं की स्तुति लिखते हैं, जिसका आरंभ श्री गणेशाय नमः तथा अंत श्री बाबा चित्रगुप्ताय नमः से होता है। उसके नीचे अपना नाम, दिनांक लिख कर कागज़ पर चावल वाले कलम-दवात, रोली, अक्षत्, फूल, धूप, मिठाई, जिस कलम से लिखा है उसे भी रख कर पूजा कर लेते हैं। अंत में आरती करते हैं। इस बीच स्त्रियां भी अपनी पूजा समाप्त कर कलम-दवात की पूजा कर लेती हैं। फिर बहनें अपने भाइयों को टीका लगा कर आरती करती हैं और भाई उपहार स्वरूप बहनों को कुछ देते हैं। इस सब के बाद ही कुछ खाने-पीने का कार्य होता है।
कई दशक बीत गए हैं। आज हमारे बच्चे भी बच्चे नहीं रहे – बड़े हो गए हैं। लगता है दीवाली भी कुछ अलग हो गई है। चलिए देखें क्या-क्या अंतर आ गए हैं तब की और अब की दीवाली में।
पहले उत्तर भारत के छोटे से छोटे अंचल में शिवकाशी तथा कोविलपट्टी का नाम मशहूर था। मुर्गा छाप पटाखों की धूम रहती थी। कुछ पटाखे आज बैन हो गए हैं, जिनमें से एक है फ़्लाईंग-स्टार या सीटी। धातु के खोल में इस प्रकार मसाला भरते थे कि वह चिंगारियाँ छोड़ता हुआ ऊपर उड़ता था जिसके साथ सीटी सी बजती थी और थोड़ी देर में उसके वापस गिरने की आवाज़ आती थी। उससे कई दुर्घटनाएं हुई और उसे बैन कर दिया गया। सांप, लड़ी, लहसुन, आलू, चिटपिटिया, सुतली बम, छोटे से दाने जितनी गोली वाली पिस्तौल, गोलियों की लड़ी वाली पिस्तौल, कार्क जैसी गोली वाली बंदूक या पिस्तौल, चक्कर, स्पुतनिक आदि पटाखे अपने बचपन में बहुत छोड़े हैं। कुछ आज भी मिलते हैं। लेकिन पटाखों के बाज़ार पर भी चीन में बने पटाखों ने कब्ज़ा कर लिया है।
मिट्टी के दीयों की जगह पहले मोमबत्तियों ने ली और फिर ले ली बिजली की लड़ियों ने, जिस पर भी चीन में बने माल ने कब्ज़ा कर लिया है। यहाँ तक कि लक्ष्मी-गणेश की मूर्तियां भी चीन में बनने लगी हैं। उनकी शक्ल से ही लगता है कि हमारे भगवान भी चीनी हो गए हैं। आज के बच्चे तो शायद कुछ दिनों में यही सोचने लगें कि हमारे भगवान चीनी उत्पत्ति के थे। आज सभी खिलौने भी चीन में ही बने मिलते हैं। शायद चीन को पता नहीं कि इस पूजा के साथ चीनी के खिलौने भी संबंद्ध हैं (जिसे हम बचपन में शौक से खाते थे), नहीं तो आज वह भी चीनी चीनी के होते। भारत का कुम्हार परेशान है कि वह अपने देश की मिट्टी के बने दीये, लक्ष्मी-गणेश की मूर्तियों और खिलौनों का क्या करे, अपनी आजीविका निर्वाह कैसे करे?
यदि हम अपने खान-पान को भी बदल लें और पूरी-कचौड़ी के स्थान पर चाऊमीन और मंचूरियन खाना आरंभ कर दें तो दीवाली तथा अन्य त्योहार भी पूरी तरह चीनी हो जाएंगे।
अरुणांचल में सीमा पर लगा एक गाँव है तवांग जिसके लोग चीनी सामान का सस्ता उपलब्ध होते हुए भी बहिष्कार करते हैं और भारतीय सामान खरीदते हैं। शायद हम सब से अधिक देशभक्त तो वह लोग ही हैं। जब तक हम ऐसा नहीं करते तब तक वास्तविक दीवाली तो चीनियों की होगी, हमारा तो केवल त्योहार होगा। लक्ष्मी तो चीनियों पर मेहरबान होंगी।
प्रस्तुत है मेरी पारंपरिक कुण्डलिया-
दीवाली 2014
दीवाली भी है वही, औ’ है वही उमंग,
मगर तभी दिल ने कहा, बदल गए हैं ढंग।
बदल गए हैं ढंग, सजाते लड़ियाँ चीनी,
चीनी के थे कभी, कि आज खिलौने चीनी।
कह ‘धाकड़’ कविराय, चीन को दे के ताली,
चलो दिखाएं छाती जो हो मो-दी वाली।।
मिट्टी के दीपक जलें, तभी बनेगी बात,
घर में तभी कुम्हार के, जगमग होगी रात।
जगमग होगी रात, छोड़ कर सभी विदेशी,
अगर सभी अपनाएं, वस्तुएं जो हों देशी।
कह ‘धाकड़’ कविराय, खाइए चोखा-लिट्टी,
जुड़ें देश के साथ, जहां की सोंधी मिट्टी।।
‘धाकड़’

